मिहिजाम में आयकर विभाग का जागरूकता कार्यक्रम, ट्रस्ट व सामाजिक संस्थाओं को कर प्रावधानों की दी जानकारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त मिहिजाम। आयकर विभाग (छूट), धनबाद इकाई की ओर से गुरुवार को मिहिजाम के पी. बनर्जी रोड स्थित ओमकार सेवा संस्थान में जागरूकता सह आउटरिच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रस्ट, सोसाइटी, सामाजिक संस्थाओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अधिवक्ताओं को आयकर से जुड़े नियमों, छूट के प्रावधानों तथा रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी (छूट), धनबाद मिथिलेश कुमार सिंह ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को आयकर कानून से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने 12ए, 12एए, 12बी, 80जी, 10(23सी), 10बी और 10बीबी समेत ट्रस्ट एवं सोसाइटी के पंजीकरण से संबंधित प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने पुरानी आयकर धाराओं के स्थान पर लागू नई धाराओं, आयकर विवरणी समय पर दाखिल करने की आवश्यकता तथा विलंब होने की स्थिति में क्षमा से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी। आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 239 समेत विभिन्न प्रावधानों को सरल तरीके से समझाते हुए उन्होंने करदाताओं की समस्याओं और उनके संभावित समाधान पर भी चर्चा की।कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग की ओर से समाज और राष्ट्र के विकास में निभाई जा रही भूमिका तथा सरकार की विभिन्न नीतियों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।यह आयोजन आयकर आयुक्त (छूट), पटना शिव स्वरूप सिंह के निर्देशन और अपर आयकर आयुक्त (छूट), रेंज-2, रांची रंजीत कुमार मधुकर के मार्गदर्शन में हुआ। मंच संचालन आयकर निरीक्षक धनंजय शर्मा ने किया। मौके पर टैक्स सहायक रौशन कुमार सहित बार एसोसिएशन, चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन के सदस्य और करीब 40-50 लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *