जामताड़ा में तैनात डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह का निधन, IRB-1 कैंप में हादसे की आशंका

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झिलुआ स्थित आईआरबी-1 कैंप में किचन के पास गिरने से उनके साथ हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।बताया गया कि घटना के बाद डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उन्हें शाम करीब सात बजे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह फिलहाल श्रावणी मेला ड्यूटी में तैनात थे। जानकारी के मुताबिक वे प्रतिदिन देवघर से ड्यूटी के लिए अप-डाउन करते थे। इसी दौरान गुरुवार को झिलुआ आईआरबी-1 परिसर में अचानक गिरने की घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।मामले की जानकारी मिलने के बाद जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी सक्रिय हुए और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी पूरे मामले की जानकारी ली।डीएसपी के निधन की खबर के बाद पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान स्तब्ध हैं। प्रमोद कुमार सिंह की अचानक हुई मौत को लेकर विभागीय स्तर पर भी जानकारी एकत्र की जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जांच की जा रही है। आधिकारिक जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *