राष्ट्रीय खेल दिवस पर चमेली देवी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, प्रतिभाओं को किया सम्मानित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अगस्त जामताड़ा। मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नगर के आजादपाड़ा स्थित माय छोटा प्ले स्कूल परिसर में जामताड़ा जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न खेलों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जामताड़ा का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी चमेली देवी, जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे, जिला कुश्ती संघ के वरीय उपाध्यक्ष झुमा गंण, सचिव प्रदीप कुमार दुबे तथा जिला गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुसूदन दास ने संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया।समारोह के दौरान कुश्ती के राष्ट्रीय खिलाड़ी मोतीलाल यादव और भीम यादव, कैरम की राष्ट्रीय खिलाड़ी मौसम कुमारी व सौनल कुमारी, ताइक्वांडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी समृद्ध आर्य, अनन्या कुमारी व महुआ बाउरी, गतका की राष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची गुप्ता, श्रेयाश्री व प्रिंसी गुप्ता को सम्मानित किया गया।

वहीं बैडमिंटन के राज्य स्तरीय खिलाड़ी पीयूष रंजन मुर्मू व सुरजीत दत्ता तथा योग के राज्य स्तरीय खिलाड़ी मीरा पंडित व सोमनाथ दत्ता को स्मृति चिह्न एवं उपहार प्रदान किए गए।मुख्य अतिथि चमेली देवी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से भारत को विश्व खेल मंच पर गौरवान्वित किया। उनकी जयंती पर खिलाड़ियों का सम्मान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जामताड़ा के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।दीपक दुबे ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा, ताकि जामताड़ा के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *