न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 सितंबर बाराबनी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश के बीच मदनमोहनपुर गांव के समीप भांडरा-भासकाजुड़ी से नूनी मोड़ जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क का करीब 70 से 80 फुट हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क के बीचोंबीच बड़ा गड्ढा बन जाने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।बताया जा रहा है कि कई दिनों से लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी में नमी बढ़ने और जमीन कमजोर होने के बाद यह हादसा हुआ। सड़क के एक बड़े हिस्से के धंसने से आसपास के क्षेत्र में भी खतरा बना हुआ है। समय रहते प्रशासन को इसकी सूचना मिलने के बाद बाराबनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए धंसे हुए हिस्से को रस्सी से घेरकर लोगों को वहां जाने से रोक दिया गया है।सड़क बंद होने का सीधा असर स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही पर पड़ा है। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, दैनिक यात्रियों और छोटे कारोबारियों को अब वैकल्पिक एवं लंबा रास्ता अपनाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बढ़ गया है।इधर, सड़क धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी बहस छेड़ दी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत तैयार की गई सड़क यदि लगातार कुछ दिनों की बारिश भी नहीं झेल पाती है, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच जरूरी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने के साथ जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर यातायात बहाल करने की मांग की है।
बाराबनी में बारिश का कहर: 80 फुट सड़क धंसी, आवागमन पूरी तरह बंद

