देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, ‘इकोज ऑफ फ्रीडम’ ने जगाया आजादी का जज्बा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 अगस्त चित्तरंजन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संत जोशी कॉन्वेंट हाइयर सेकेंडरी स्कूल चित्तरंजन परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लेकर देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।समारोह की शुरुआत ईश्वर की वंदना और देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। वातावरण में गूंजती देशभक्ति की धुन ने सभी को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम में प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाते हुए मनमोहक फ्यूजन नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। उनकी आकर्षक प्रस्तुति ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और ‘एकता में अनेकता’ का संदेश दिया।वहीं, वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने इकोज ऑफ फ्रीडम नामक प्रभावशाली लघु नाटिका का मंचन किया। नाटक के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण घटनाओं, संघर्षों और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति ने दर्शकों को इतिहास के उन गौरवपूर्ण अध्यायों से रूबरू कराया।मुख्य अतिथि रीता भूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। उन्होंने छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर अथिरा ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल राष्ट्रगान या राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाना ही वास्तविक राष्ट्रप्रेम है।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया। विद्यालय परिवार ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *