न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 सितंबर मिहिजाम। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार, 6 सितंबर को मिहिजाम स्थित लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल में जन सेवा पार्टी की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। 5 से 20 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को तीन अलग-अलग ग्रुप में बांटकर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला-कौशल को कागज पर रंगों के माध्यम से उकेरा। कार्यक्रम के मुख्य निर्णायक के रूप में चित्रकला विशेषज्ञ एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शंभूनाथ जाना उपस्थित रहे। उनके साथ सह-निरीक्षक के रूप में अमित गोराई, भगवान प्रसाद राय, मंटू दास और विक्की साव ने प्रतियोगिता की गतिविधियों का जायजा लिया।
कार्यक्रम में जन सेवा पार्टी के प्रमुख राकेश लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता की पूरी व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ प्रतिभागी बच्चों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से भी संवाद करते हुए उन्हें अपने बच्चों को इस प्रकार की रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर धन्यवाद दिया।
राकेश लाल ने कहा कि मिहिजाम नगर में इस तरह के कार्यक्रमों की यह शुरुआत है। पार्टी की ओर से भविष्य में प्रतिभावान बच्चों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल के प्रबंधन एवं संचालक को आयोजन में सहयोग के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में जन सेवा पार्टी के नगर अध्यक्ष पवन देव राय, जिला प्रवक्ता छोटेलाल मंडल, मुन्ना राम, सामू दास, अखिलेश शर्मा, अचिंतो मंडल, रोहन तुरी, राजीव तुरी, अमित वर्मन, शिक्षक धर्मेंद्र गुप्ता, बिमल हांसदा, रोहित कुमार और अभिजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

