फुटबॉल के रोमांच के बीच फुरकान अंसारी का भाजपा पर हमला, बोले- “फर्जीवाड़ा नहीं चलने देंगे”

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 सितंबर जामताड़ा। सगे जीतपुर में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेल के रोमांच के साथ राजनीतिक बयानबाजी का भी गवाह बना। न्यू यंग स्टार क्लब, सगे जीतपुर की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी। पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचे रोमांचक मुकाबले में एएल क्लब, दुमका ने जय मां तारा उखड़ा, पश्चिम बंगाल को 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया।फाइनल मुकाबले में कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया, जिससे खेल का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ गया। निर्धारित समय में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में दुमका की टीम ने बाजी मार ली। दर्शकों ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी शामिल हुए। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देते हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।मंच से फुरकान अंसारी ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता बाहरी राज्यों से आकर झारखंड में मतदाता सूची को लेकर गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा की जनता जागरूक है और किसी भी कथित फर्जीवाड़े को सफल नहीं होने दिया जाएगा।उन्होंने खनिज एवं संपदा संबंधी प्रस्तावित कानून को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला और आरोप लगाया कि इससे आदिवासी एवं मूलवासी हित प्रभावित होंगे। उन्होंने लोगों से इसके विरोध में एकजुट होने की अपील की।मौके पर कमेटी अध्यक्ष बाबूजी किस्कू, सचिव वीर चंद्र हांसदा, मुखिया देवीसन हांसदा, शिवधन हांसदा, मंटू हेंब्रम, आनंद हांसदा, विमल हांसदा, जियाराम हांसदा, मनोज हांसदा और मनु राणा सहित बड़ी संख्या में आयोजन समिति के सदस्य एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *