न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 सितंबर आसनसोल। आसनसोल के जेनक्स वैली आवासीय परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टावर-5 के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते परिवार के बाहर निकल जाने और दमकल व परिसर की फायर फाइटिंग टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, टावर-5 स्थित 1/सी फ्लैट के मालिक शचीन अम्बष्टा हैं। यह दो बेडरूम वाला फ्लैट है। घटना के समय उनकी पत्नी और बच्चा घर में मौजूद थे। बताया गया कि अचानक फ्रिज की तरफ से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति को भांपते हुए उनकी पत्नी ने तत्काल बिजली और गैस का कनेक्शन बंद किया और बच्चे को लेकर सुरक्षित बाहर निकल आईं। इसके बाद मेंटेनेंस टीम को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही आवासीय परिसर की फायर फाइटिंग टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही स्थानीय विधायक को भी घटना की जानकारी दी गई।आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि परिसर के लोगों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई। परिवार को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है।वहीं, आसनसोल दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि टावर जी+13 मंजिला है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के शॉर्ट सर्किट या गैस से संबंधित समस्या होने की आशंका है। दमकल कर्मियों ने पूरे फ्लैट की जांच के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।अधिकारी के मुताबिक, परिसर की पाइपलाइन में पर्याप्त पानी का दबाव नहीं मिलने के कारण दमकल की अपनी पाइपलाइन से आग बुझाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई के कारण आग दूसरे फ्लैटों तक नहीं पहुंच सकी।
जेनक्स वैली की ऊंची इमारत में फ्लैट बना आग का गोला, परिवार ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा

