न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर मिहिजाम। मिहिजाम में श्री श्री सार्वजनिक श्मशान काली पूजा के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। मां काली के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। शाम से शुरू हुई भक्तों की आवाजाही देर रात तक जारी रही।पूजा स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां काली की आराधना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।धार्मिक आयोजन के साथ पूजा परिसर में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, खान-पान के स्टॉल और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी मेले का आनंद उठाया।आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखी गई। पूजा समिति के सदस्य और स्वयंसेवक पूरी व्यवस्था को संभालते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते रहे।इसी क्रम में श्री श्री सार्वजनिक श्मशान काली पूजा समिति की ओर से स्वागत एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। मौके पर प्रसिद्ध व्यवसायी अमरेंद्र तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल गुप्ता, उपाध्यक्ष महावीर राय, पूर्व उपाध्यक्ष शांति देवी, झामुमो जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव, सुरेश राय, शंकर घोष, वार्ड पार्षद रमेश रजक, विकास कुमार वर्मा, झिमली मजूमदार, आलोक मिस्त्री, रवि मिस्त्री और संजू महतो, पूना बाउरी, अरुण यादव, साधन महतो, अरुण दास, गुरमीत सिंह गांधी समेत अन्य गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।बताया गया कि 1962 में स्थापित यह पूजा छह दशक से अधिक समय से लगातार आयोजित होती आ रही है। इस वर्ष भी परंपरा और श्रद्धा के साथ पूजा संपन्न हुई। मिहिजाम पुलिस ने मेला परिसर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
1962 से आस्था की लौ कायम, मिहिजाम में श्मशान काली पूजा में उमड़ा जनसैलाब

