न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। गोबिंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन गांव के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया।घायलों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के हिरणानगर निवासी मोहम्मद फिरोज (30), उनकी पत्नी आसमुन खातून (28), पुत्री जोया खातून (8), अलिसवा खातून (3) और दो माह के पुत्र सरजान बादशाह के रूप में हुई है।बताया जाता है कि परिवार के सभी सदस्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान कोरीडीह वन के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।सीएचसी नारायणपुर में चिकित्सकों ने सभी घायलों की प्राथमिक जांच और उपचार किया। मोहम्मद फिरोज की हालत गंभीर पाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए धनबाद रेफर कर दिया। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों का प्राथमिक उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति को लेकर पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाईवे पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक और स्कूटी, एक ही परिवार के पांच लोग घायल; युवक धनबाद रेफर

