तीखे मोड़ पर बेकाबू हुई बाइक, बिजली के खंभे से टकराकर युवक की मौत; भाई गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। फतेहपुर थाना क्षेत्र के आंगुठिया मोड़ के समीप गुरुवार देर दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की वजह बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।मृतक की पहचान अगैयासरमुंडी पंचायत के केराबनी ऊपर टोला निवासी छोटेलाल राणा (27) के रूप में हुई है। बताया गया कि छोटेलाल अपने रिश्तेदार के घर घसिया से अपने भाई लव राणा के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। आंगुठिया मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक तीखे मोड़ पर अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे छोटेलाल को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठे लव राणा भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर फतेहपुर थाना के एसआई राजा कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल लव राणा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकीय जांच के बाद छोटेलाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर स्थिति को देखते हुए लव राणा को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा रेफर किया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि छोटेलाल अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है।हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आंगुठिया मोड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मोड़ काफी तीखा है, लेकिन वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए वहां पर्याप्त चेतावनी या संकेतक बोर्ड नहीं है। इसके चलते चालकों को मोड़ की तीव्रता का अंदाजा नहीं मिल पाता और वाहन अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है।ग्रामीणों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *