रात के अंधेरे में निकले जहारुद्दीन की सुबह तालाब में मिली लाश, मछली पकड़ने गए थे घर से

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 सितंबर जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन पंचायत के मोहड़ार तालाब में शुक्रवार की सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय जहारुद्दीन अंसारी उर्फ डुलिया के रूप में हुई है। सुबह तालाब में शव मिलने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।ग्रामीणों के अनुसार जहारुद्दीन अंसारी गुरुवार की रात करीब नौ बजे मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी थी। हालांकि, सुबह तक उनके तालाब में मृत मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।शुक्रवार सुबह तालाब की ओर गए कुछ लोगों ने पानी में शव को देखा। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तत्काल नारायणपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया।स्थानीय निवासी समसुल अंसारी ने बताया कि सुबह तालाब में शव नजर आने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे थाना ले गई।घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। प्रथम दृष्टया मछली पकड़ने के दौरान तालाब में डूबने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।पुलिस ने शव को सुरक्षित रख लिया है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *