नए रूप में सजा प्रार्थना मंच, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में हुआ भव्य उद्घाटन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 सितंबर चित्तरंजन। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चित्तरंजन में नवीनीकृत असेंबली स्टेज (प्रार्थना मंच) का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीपीओ रंजन मोहंती मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।नवनिर्मित स्वरूप में तैयार किया गया असेंबली स्टेज विद्यालय की दैनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसी मंच पर विद्यार्थी प्रतिदिन प्रार्थना सभा में शामिल होते हैं और विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। विद्यार्थियों के लिए यह मंच सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामूहिक सहभागिता का भी माध्यम बनेगा।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सीएलडब्ल्यू (CLW) के सहयोग से मंच की छत का विशेष रूप से मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराया गया है। इससे विद्यार्थियों को तेज धूप और बारिश के दौरान भी सुरक्षित वातावरण में प्रार्थना सभा व अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।उद्घाटन अवसर पर विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि रंजन मोहंती सहित सीएलडब्ल्यू के अधिकारियों के प्रति सहयोग के लिए आभार जताया गया। मुख्य वक्ता ने कहा कि किसी विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं का बेहतर होना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।अतिथियों की मौजूदगी से विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि यह नया मंच आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों की अनेक उपलब्धियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और यादगार पलों का साक्षी बनेगा। समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सभी शिक्षकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया, जो विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *