न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 सितंबर आसनसोल। शहर के विद्यासागर सरणी इलाके में आवासीय क्षेत्र के बीच संचालित बैंक्वेट हॉल, लॉजिंग और निजी परीक्षा केंद्र को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। निवासियों ने ‘राशी बैंक्वेट हॉल एंड लॉजिंग’ को तत्काल बंद कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जिस इलाके को शांतिपूर्ण आवासीय बस्ती के रूप में विकसित किया गया था, वहां बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों ने लोगों का सुकून छीन लिया है।स्थानीय निवासी तपन मुखर्जी और चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ बनर्जी के अनुसार, बैंक्वेट हॉल उनके घरों से महज कुछ फीट की दूरी पर है। उनका आरोप है कि शादी समारोह से कई दिन पहले से ही बांस-बल्लियां लगनी शुरू हो जाती हैं और देर रात तक डीजे, पटाखों तथा बारात की आवाज से बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी होती है।डॉ. बनर्जी ने बताया कि उनकी 81 वर्षीय मां तेज आवाज के कारण असहज हो जाती हैं। आसपास रहने वाले बुजुर्गों और हृदय संबंधी मरीजों के लिए भी देर रात तक होने वाला शोर चिंता का विषय है।वहीं, निजी कंप्यूटर परीक्षा केंद्र को लेकर भी लोगों ने आपत्ति जताई। उनका दावा है कि परीक्षा के दिनों में सैकड़ों परीक्षार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंचते हैं। इससे सड़क पर टोटो-ऑटो की भीड़ बढ़ जाती है और यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों ने शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्वच्छता और सुरक्षा पर भी सवाल उठाए।लॉजिंग को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। कुछ निवासियों का दावा है कि बैंक्वेट हॉल की आड़ में कम अवधि के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते थे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।बैंक्वेट हॉल के केयरटेकर रवि वर्मा ने कहा कि संपत्ति के मालिक रमानुज सिंह हैं और वह केवल देखरेख करते हैं। उनके अनुसार पुलिस-प्रशासन के निर्देश पर लॉजिंग फिलहाल बंद है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सामान्य ‘ओयो’ प्रकार की लॉजिंग नहीं थी।
आवासीय इलाके में बैंक्वेट हॉल और लॉजिंग से बढ़ी परेशानी, बंद कराने की मांग पर अड़े आसनसोल के लोग

