न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 19 सितंबर जामताड़ा। साइबर अपराध के विरुद्ध जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने करमाटांड़ और जामताड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराध उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधानी गांव में मनीष कुमार मंडल के घर पर कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया। वहीं, जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के घर पर छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास मंडल (22), देव दत्त (20), जयदेव साहनी (19) और सिद्धार्थ दत्त (34) के रूप में हुई है। विकास मंडल नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया गांव का निवासी है, जबकि अन्य तीन आरोपी सोनबाद गांव के रहने वाले बताए गए हैं।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा सिटी गैस और अडानी गैस उपभोक्ताओं को बिल अपडेट करने का झांसा देकर उनके मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। इसे इंस्टॉल करवाने के बाद गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करने का आरोप है। इसके अलावा यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर निशाना बनाया जाता था।मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 59/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कथित साइबर अपराध नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार; 13 मोबाइल और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद

