राधाष्टमी पर आस्था का उमड़ा सैलाब: अजय नदी से निकली भव्य कलश यात्रा, दासकेरी में जगन्नाथ मंदिर की रखी गई आधारशिला

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 सितंबर आसनसोल। राधाष्टमी के पावन अवसर पर दासकेरी क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ मंदिर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को मंदिर की आधारशिला रखी गई। इस शुभ अवसर पर अजय नदी घाट से जल लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत अजय नदी के घाट से जल संग्रह के साथ हुई। निर्धारित 1008 कलशों की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने कतारबद्ध होकर कलश यात्रा में भाग लिया और अजय नदी का पवित्र जल दासकेरी स्थित प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर परिसर तक पहुंचाया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से पूरा इलाका आस्था के रंग में रंग गया।मंदिर की आधारशिला रखने के धार्मिक आयोजन में मंदिर के सेवायत निमाई प्रभुजी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर निर्माण की नींव रखी गई।आसनसोल भाजपा के युवा नेता अभिजीत रॉय ने आयोजन को लेकर कहा कि राधाष्टमी के दिन जगन्नाथ मंदिर की स्थापना का संकल्प पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि 1008 कलशों के साथ महिलाओं की यात्रा प्रस्तावित थी, लेकिन मौके पर उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ जुट गई। उनके अनुसार, हजारों महिलाओं ने कलश यात्रा में हिस्सा लिया और अजय नदी से जल लाकर मंदिर परिसर तक पहुंचाया।अभिजीत रॉय ने कहा कि कलश यात्रा के दौरान दासकेरी में श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। मंदिर की आधारशिला रखे जाने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *