न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 19 सितंबर मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कांगोई इलाके में शनिवार को एक किराए के मकान के बंद कमरे से करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कांगोई निवासी गोपाल मंडल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपाल मंडल अविवाहित था और किराए के कमरे में अकेले रहकर एक होटल में काम करता था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। बीमारी के कारण वह काम पर भी नहीं जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोगों की उससे मुलाकात हुई थी। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला।शनिवार को कमरे के आसपास अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। दुर्गंध से परेशान अन्य किराएदारों और मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने बंद कमरे का निरीक्षण करने के बाद गोपाल मंडल का शव बरामद किया। शव की स्थिति को देखते हुए करीब दो दिन पुरानी मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण और समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।घटना की खबर मिलने पर लीला नगर में रहने वाले मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांगोई में बंद किराए के कमरे से गोपाल मंडल का शव बरामद, दुर्गंध फैलने पर हुआ मौत का खुलासा

