न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 सितंबर आसनसोल। दुर्गापूजा के महापर्व से पहले आसनसोल में टोटो परिचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जीटी रोड पर टोटो के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के आरोप के बाद सैकड़ों चालक आर्थिक संकट का सामना करने की बात कह रहे हैं। अपनी समस्याओं को लेकर टोटो चालकों ने बाराबनी स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर नेताओं से हस्तक्षेप की मांग की।चालकों के अनुसार, सालानपुर, दोमोहानी और बाराबनी क्षेत्र से प्रतिदिन 50 से अधिक टोटो यात्रियों को लेकर आसनसोल बस स्टैंड और हटन रोड की ओर जाते हैं। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आसनसोल ट्रैफिक पुलिस जीटी रोड पर टोटो को रोक रही है और चालकों को वापस लौटाया जा रहा है। इससे उनकी दैनिक कमाई प्रभावित हो रही है।एक टोटो चालक ने अपनी परेशानी व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी ने वाहन खरीदते समय सभी सड़कों पर चलने की बात कही थी। अब सीएनजी ऑटो को परिचालन की अनुमति मिल रही है, जबकि टोटो को रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई चालकों ने कर्ज लेकर वाहन खरीदा है और परिचालन बंद होने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाएगा।मामले को लेकर टोटो चालकों ने भाजपा नेता सुजीत मंडल से मुलाकात की। सुजीत मंडल ने कहा कि जीटी रोड पर टोटो परिचालन को लेकर प्रशासनिक नियम लागू हैं, लेकिन इस समस्या से लगभग 500 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। दुर्गापूजा से पहले लोगों के हाथ में आमदनी होना जरूरी है।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर विधायक अरिजीत रॉय से बातचीत की गई है। जल्द ही सभी टोटो चालकों को साथ लेकर विधायक से मुलाकात की जाएगी, ताकि परिचालन से जुड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सके।
आसनसोल में टोटो पर रोक से 500 परिवारों की आजीविका संकट में, दुर्गापूजा से पहले चालकों ने लगाई विधायक से गुहार

