न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी21 सितंबर जामताड़ा/मिहिजाम। गणेश महोत्सव के अवसर पर जामताड़ा और मिहिजाम में रविवार को धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। जामताड़ा के गांधी मैदान में जहां श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में 25 लोगों ने रक्तदान किया, वहीं मिहिजाम के गणेश पूजा मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।जामताड़ा में आयोजित रक्तदान शिविर में पूजा समिति के सदस्यों के अलावा मेले में पहुंचे लोगों ने भी भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रह किया। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन लक्ष्मण समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। समिति के अनुसार, सोमवार शाम सभी 25 रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।इधर, मिहिजाम में शाम ढलते ही गणेश पूजा परिसर में श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ गया। आकर्षक सजावट, रोशनी और विभिन्न स्टॉलों के बीच लोगों ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत पुरोहित श्याम लला पांडेय के नेतृत्व में विधि-विधान से महाआरती के साथ हुई। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने गणेश वंदना और नरसिंह अवतार सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं, जिनका दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने संभाली। मेला परिसर में 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आयोजन में समिति के सदस्यों के साथ चेयरपर्सन जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय, प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गणपति उत्सव में भक्ति के साथ मानव सेवा का संदेश, जामताड़ा में रक्तदान तो मिहिजाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

