जामताड़ा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों से गिरकर रेलकर्मी की मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में रेलकर्मी तुलसी रजवार की जान चली गई। मधुपुर स्टेशन पर पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत तुलसी रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद लोकल ट्रेन से जामताड़ा पहुंचे थे। अपने घर बेना जाने के लिए प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान वह फुट ओवरब्रिज से नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तुलसी रजवार लोकल ट्रेन से जामताड़ा स्टेशन पहुंचे थे। रातभर ड्यूटी करने के बाद उन्हें अपने घर बेना लौटना था। इसके लिए वह प्लेटफॉर्म संख्या दो से प्लेटफॉर्म संख्या एक की ओर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज चढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल रेलकर्मी को सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। तुलसी रजवार मधुपुर स्टेशन में कार्यरत थे और कुछ वर्षों बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके असामयिक निधन से सहकर्मियों और परिचितों में भी शोक का माहौल है।मृतक के पुत्र लक्ष्मण रजवार ने जामताड़ा थाना में फर्द बयान दर्ज कराया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवार में दो भाई और पांच बहनें हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर लौटने की राह देख रहे परिवार को इस घटना ने गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *