नारी शक्ति के 11 वर्ष पूरे, महिला सशक्तीकरण का अभियान तेज करने का संकल्प

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा में महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गठित नारी शक्ति संगठन ने रविवार को अपना 11वां स्थापना दिवस मनाया। जिला मुख्यालय स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित समारोह में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पिछले 11 वर्षों की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए भविष्य में महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को और विस्तार देने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष आभा आर्या ने की। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन सामूहिक प्रयासों और निरंतर छोटे-छोटे कदमों से संभव होता है। नारी शक्ति ने बीते वर्षों में महिलाओं को एक मंच पर लाने, उन्हें आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया है।उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल महिलाओं को जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी है। सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र लोगों को सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना तथा बच्चियों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।समारोह में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर भी मिलने चाहिए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को संगठन से जोड़कर शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।संगठन की सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आगामी दिनों में गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता मनीमाला दे ने किया, जबकि तिया मेहता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।मौके पर उपाध्यक्ष तारा देवी, मिथु मेहता, लक्ष्मी मुखर्जी, झूमा गोन, डॉ. आशा कुमारी, अरुणा बिहारी, शम्पा मिश्रा, सीमा पोद्दार, रीना ठाकुर, पूजा, रूपु महादानी और दिया देवी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। समारोह आपसी एकजुटता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *