आंगनबाड़ी के नौनिहालों संग भाजपा ने मनाया ‘आंगन मिलन’, बांटी खाद्य सामग्री

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अक्टूबर जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को जामताड़ा नगर के कायस्थपाड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों के साथ समय बिताकर उनके बीच सेवा और अपनत्व का भाव मजबूत करना रहा।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ कुछ समय बिताया। बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही बच्चों के साथ मनोरंजक गतिविधियों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र का माहौल बच्चों की चहल-पहल से खुशनुमा बना रहा।नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ समय बिताने और उनके बीच खुशियां बांटने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच कुछ समय बिताना और उनकी जरूरतों को समझना भी सामाजिक दायित्व का हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रमों से सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़ाव मजबूत होता है।कार्यक्रम में भाजपा नगर महामंत्री रथु दास, नगर मंत्री ब्रजेश राउत, विकास राउत सहित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *