न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अक्टूबर जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शीतलपुर-रामपुर गांव में गुरुवार को धान के खेत से एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खेत की मेड़ के पास शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शव काफी पुराना होने के कारण उससे तेज दुर्गंध निकल रही थी।बताया गया कि खेत की ओर जाने वाले ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो पाई। महिला के शरीर पर नाइटी और दुपट्टा मिला है, जिससे उसकी पहचान को लेकर पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने की कोशिश की।जिस स्थान पर शव बरामद हुआ, वह खेतों के बीच बनी मेड़ के साथ-साथ ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता भी है। सहजपुर समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मजदूर खेती-किसानी के कार्य के लिए शीतलपुर, नवाडीह और दूसरे इलाकों में इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ऐसे में शव वहां कब और कैसे पहुंचा, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है।महिला का शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि महिला की मौत किसी दूसरे स्थान पर हुई होगी और बाद में शव को सुनसान समझकर खेत में लाकर छोड़ दिया गया। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल ऐसी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है।सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। बाद में पुलिस इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ यादव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।शव को प्लास्टिक में सुरक्षित कर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया है। पुलिस अब महिला की पहचान के साथ उसकी मौत की परिस्थितियों और शव के खेत तक पहुंचने की कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
धान की मेड़ पर मिली महिला की सड़ी-गली लाश, पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती
