चिरेका में कर्मचारी संकट से लेकर पानी तक, छह मुद्दों पर सीआरईकेकेएस ने उठाई आवाज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अक्टूबर चित्तरंजन। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ (सीआरईकेकेएस) ने चिरेका में उत्पादन व्यवस्था, कर्मचारियों की सुविधाओं और रेलनगरी की बुनियादी समस्याओं से जुड़े छह अहम मुद्दों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संघ के महासचिव अनिश कुमार ने कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से कर्मचारियों का मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा उत्पादन प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी।संघ ने सबसे पहले चिरेका की विभिन्न कार्यशालाओं में सहायक कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की गई, ताकि कार्यों का अतिरिक्त दबाव कम किया जा सके। इसके साथ ही अन्य रेल कारखानों में लागू व्यवस्था का हवाला देते हुए सीएमटी संवर्ग की लंबित प्रोत्साहन योजना को जल्द लागू करने की मांग रखी गई।कर्मचारियों को आवंटित रेल आवासों के हस्तांतरण में होने वाली देरी दूर करने तथा जर्जर आवासों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग की गई। संघ ने पिछले करीब छह महीने से प्रभावित अनियमित पेयजल आपूर्ति को गंभीर समस्या बताते हुए रेलनगरी में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।यार्ड संचालन को बेहतर बनाने के लिए टीपी-11 यार्ड में फतेहपुर छोर से परीक्षण शेड तक सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराने की तकनीकी संभावना तलाशने का सुझाव भी दिया गया। संघ का मानना है कि इससे शंटिंग कार्य और सामग्री की आवाजाही अधिक सुगम हो सकती है।वहीं, कनिष्ठ अभियंता पद पर पदोन्नति के लिए लंबित जीडीसीई अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग की गई, जिससे योग्य रेलकर्मियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।चिरेका प्रशासन ने संघ द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *