न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 अक्टूबर जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में ठगों ने लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर ठगी का नया तरीका अपनाया था। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड जब्त किया है।साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बुधवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सुगापहाड़ी में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वहां बैठकर साइबर ठगी की गतिविधियों में संलिप्त थे।जांच में सामने आया कि आरोपी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सहित अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी। इसी जानकारी के जरिए ठगी को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियां विभिन्न राज्यों तक फैली हुई थीं।छापेमारी के दौरान मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति के साथ कथित साइबर ठगी का मामला भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति का मोबाइल हैक कर लिया गया था और उसके फोन पर लगातार रिटर्न कॉल आ रहे थे। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुगापहाड़ी निवासी वाजिद अंसारी (32), पिता सिकंदर अंसारी, और बरमुंडी निवासी हसबुल अंसारी (24), पिता इजहार मियां, के रूप में हुई है।इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/26, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, विकास कुमार तिवारी, अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर करते थे साइबर ठगी, जामताड़ा में दो गिरफ्तार
