न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 30 अक्टूबर कुल्टी। पश्चिम बंगाल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस समय हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बराकर के हनुमान चढ़ाई स्थित उद्योगपति अनिल अग्रवाल के आवास पर छापेमारी की। अनिल अग्रवाल, जय श्री ग्रुप के मालिक सोनू अग्रवाल के भाई बताए जाते हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब छह बजे ईडी की टीम पांच वाहनों के काफिले के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने आवास के भीतर दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच शुरू की। करीब पांच घंटे तक चली तलाशी की कार्रवाई सुबह 11 बजे समाप्त हुई। इस दौरान घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।छापेमारी दल में महिला अधिकारी भी शामिल थीं। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय बल के जवानों को भी तैनात किया गया था। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पांच में से दो वाहन करीब एक घंटे बाद वहां से रवाना हो गए, जबकि तीन वाहन तलाशी अभियान समाप्त होने तक आवास के बाहर मौजूद रहे।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और कथित अवैध कोयला कारोबार से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई है। इन मामलों में सोनू अग्रवाल, लाला समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ अदालत में मुकदमे चलने की बात सामने आई है। हालांकि, ईडी की इस कार्रवाई का सटीक आधार और तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच एजेंसी की ओर से आगे क्या जानकारी सामने आती है।
कोयला कारोबार की जांच के बीच कुल्टी में ईडी की दस्तक, उद्योगपति अनिल अग्रवाल के आवास पर पांच घंटे तक चली छापेमारी
