15 साल का इंतजार खत्म, सेनरैले में फिर दौड़ी बस; साइकिल कारखाना खोलने का भी विधायक ने किया ऐलान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 30 अक्टूबर आसनसोल। करीब डेढ़ दशक से सार्वजनिक परिवहन की सुविधा से वंचित सेनरैले क्षेत्र के लोगों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लगभग 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इलाके में एक बार फिर बस सेवा शुरू हो गई। नडिहा बाजार स्थित कन्यापुर फांड़ी के समीप आयोजित कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया। खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद विधायक खुद भी बस में सवार होकर यात्रा पर निकले।बस सेवा बंद रहने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लोगों को दूसरे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे में बस सेवा की पुनर्बहाली से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। सेवा शुरू होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने सेनरैले की औद्योगिक पहचान को फिर से मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से बंद पड़े सेनरैले के साइकिल कारखाने को दोबारा चालू कराया जाएगा। इस घोषणा के बाद स्थानीय लोगों में रोजगार के नए अवसर पैदा होने और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जगी है।हालांकि, कारखाने को पुनः शुरू करने की समयसीमा, प्रक्रिया और संभावित रोजगार को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।कार्यक्रम में पुतुल सिंह, जयश्री, राखी हांसदा समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *