न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 नवंबर चित्तरंजन। प्रतिभा को प्रोत्साहन और कर्मठता को सम्मान देने के उद्देश्य से चित्तरंजन महिला कल्याण संगठन (CLW WWO) की ओर से एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) के कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के कुल 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान प्रदान किया गया। इनमें डीवी बॉयज स्कूल, डीवी गर्ल्स स्कूल और इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थी शामिल रहे। खास तौर पर कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में शानदार परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की गई। इसके अतिरिक्त रेल कारखाने के 20 कर्मचारियों को उनकी कार्यनिष्ठा, समर्पण और संस्थान के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए WWO की अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और पूरे रेलवे परिवार के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। बच्चों की मेहनत और निरंतर लगन ने सभी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में अच्छे अंक हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन बेहतर शिक्षा के साथ एक जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान बनना उससे भी अधिक जरूरी है।उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने और निरंतर मेहनत करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों और सहयोगियों के योगदान की भी प्रशंसा की गई। समारोह ने प्रतिभा, मेहनत और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर CLW महिला कल्याण संगठन ने थपथपाई पीठ, 20 रेलकर्मी भी सम्मानित
