न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 नवंबर जामताड़ा। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संचालित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को नाला विधानसभा क्षेत्र के विंन्दापाथर मंडल अंतर्गत खमारबाद गांव में प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित अन्य दलों से जुड़े दर्जनों युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।नए सदस्यों का स्वागत करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को अब यह समझ में आने लगा है कि उनके सम्मान, अधिकार और भविष्य की चिंता करने वाली पार्टी भाजपा है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में झामुमो के चार कार्यकर्ताओं समेत कई युवाओं ने पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा का साथ चुना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता, बूथ और शक्ति केंद्र हैं। आगामी चुनाव में यही कार्यकर्ता नाला विधानसभा में पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेंगे।कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए शरण ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय भीड़ के सहारे राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता लोकतंत्र में विश्वास रखती है और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने वालों को ही समर्थन देगी।भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का उत्साह पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी चुनाव में नाला सहित पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उनके अनुसार, दूसरे दलों के कई और कार्यकर्ता जल्द भाजपा से जुड़ सकते हैं।कार्यक्रम में विष्णु मंडल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णाचंद्र महतो, दिलीप हेंब्रम, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, अबीता हांसदा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, अमित सिंह, सूरज झा और गोपाल महतो समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।
खमारबाद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, झामुमो समेत अन्य दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा कमल का दामन
