न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा-करमाटांड़ मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिलों के पंजीकरण नंबर जेएच 21 पी 5229 और जेएच 21 एन 8407 हैं। हादसे में कांसीटांड़ गांव निवासी पिंटू रवानी (पिता शंकर रवानी) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि पिंटू जिस बाइक पर सवार थे, उसे रातनोडीह निवासी राजेंद्र कुमार चला रहा था। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर बबुआ अंसारी और अनीशा खातून सवार थे। दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है।घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल मौके पर पहुंचे। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्होंने तत्परता दिखाई और अपने निजी वाहन से तीनों घायलों को सदर अस्पताल, जामताड़ा पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार शुरू किया गया।पिंटू रवानी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए शव को सड़क पर रख दिया और यातायात रोक दिया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और करमाटांड़ के अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जामताड़ा-करमाटांड़ मार्ग पर भीषण हादसा: बाइक की टक्कर में युवक की मौत, तीन गंभीर; मुआवजे के लिए सड़क जाम
