न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में ठगी के एक संगठित नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।गुरुवार को साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया। साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोआरा गांव में बबलू अंसारी के घर छापेमारी की। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ गांव में भी पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे फोन कर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते और फिर पीड़ितों को फर्जी APK फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करवाते थे। इसके जरिए मोबाइल में मौजूद महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे।इसके अलावा ₹1,999 कैशबैक मिलने का लालच देकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। फर्जी संदेश के जरिए लोगों से निर्देश स्वीकार करवाकर उनके साथ आर्थिक धोखाधड़ी की जाती थी।इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 71/26 और 72/26 दर्ज कर बीएनएस, आईटी एक्ट एवं दूरसंचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू मंडल और प्रकाश कुमार मंडल के खिलाफ पूर्व में भी साइबर अपराध के मामलों में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है।छापेमारी में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक और APK फाइल इंस्टॉल न करें तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
फर्जी APK और कैशबैक का जाल बिछाकर करते थे साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार; 8.13 लाख नकद बरामद
