कामरेड आलोक घोष की स्मृति में चित्तरंजन में शुरू हुआ स्थायी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, हर महीने मिलेगा जरूरतमंदों को लाभ

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 मई 2026 चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन के अमलादही मार्केट स्थित आरआईसी मोड़ पर रविवार को मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। चिरेका लेबर यूनियन कार्यालय में दिवंगत कामरेड आलोक घोष की स्मृति में स्थायी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत की गई। यह शिविर अब प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें असंगठित मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।कार्यक्रम का उद्घाटन देशबंधु विद्यालय बालक के प्रधानाध्यापक बैद्यनाथ उरांव ने कामरेड आलोक घोष के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने कामरेड आलोक घोष के सामाजिक योगदान और श्रमिक हितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।इस अवसर पर चिरेका लेबर यूनियन के अध्यक्ष आरएस चौहान और महासचिव राजीव गुप्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि चित्तरंजन रेलनगरी से जुड़े कई ऐसे परिवार हैं, जो अप्रत्यक्ष रूप से रेल व्यवस्था से जुड़े होने के बावजूद रेलकर्मी नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। विशेष रूप से असंगठित मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इलाज के अभाव में परेशान रहते हैं। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यूनियन ने इस स्थायी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत की है।स्वास्थ्य शिविर में चित्तरंजन के केजी अस्पताल के डॉक्टर कृष्णभानु बनर्जी, डॉ. सौमदीप दास एवं उनकी टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में कद, वजन, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाओं का भी वितरण किया गया।सुबह से ही शिविर में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के स्थायी स्वास्थ्य शिविर से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिलेगी।कार्यक्रम को सफल बनाने में स्नेहाशीष चक्रवर्ती, आबीर घोष, चिन्मय गुहा, पार्थ डे, प्रवीर साहा, रूपन चौधरी, समीर चक्रवर्ती, सोमनाथ दास, तन्मय सेनगुप्ता, बन्नी घोष और शुभ्रा घोष समेत यूनियन के कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *