न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 जून 2026 जामताड़ा। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेंट एंथोनी विद्यालय, जामताड़ा में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। विद्यालय परिवार और नेताजी ब्लड डोनर एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में सेवा, संवेदना और मानवता का प्रेरणादायक संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चिकित्सा पदाधिकारी सह ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निलेश कुमार सहित शिक्षाविद् डॉ. डी.डी. भंडारी, डॉ. चंचल भंडारी, अपर्णा भंडारी, लारेब खान, समाजसेवी आकाश साव एवं सौरव मंडल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन बचाने वाला सबसे बड़ा सामाजिक योगदान बताया।मुख्य अतिथि डॉ. निलेश कुमार ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत पड़ने पर केवल रक्तदाता ही किसी मरीज की जान बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उनके अनुसार स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान न केवल सुरक्षित होता है, बल्कि कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है।विद्यालय के मुख्य संरक्षक एवं शिक्षाविद् डॉ. दुर्गादास भंडारी ने अपने संदेश में कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सीय आवश्यकता नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति के जीवन को बचाने में योगदान देना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।रक्तदान शिविर के दौरान कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया ब्लड बैंक की टीम द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई। शिविर में महिलाओं और युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित रक्तदाताओं में करुणा मरांडी, प्रीति सिंह, सुरभी सिंह, टुंपा दे, बेबी सिंह, ईशा दोकानिया, आकाश साव, विशाल साव, अभिक पाल, दीपेश पाल, शुभम दोकानिया, नीरज कुमार साव, रोहित ओझा और बप्पा हालदार सहित कई जागरूक नागरिक शामिल रहे।नेताजी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सचिव एवं विद्यालय निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने आयोजन की सफलता पर सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेंट एंथोनी विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।इस अवसर पर नेताजी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सदस्य, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विश्व रक्तदाता दिवस पर मानवता की मिसाल: सेंट एंथोनी विद्यालय में रक्तदान शिविर, 18 यूनिट रक्त संग्रहित
