काली पूजा पर सेवा की मिसाल, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच बांटी गई साड़ी, धोती और कंबल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 नवंबर जामताड़ा। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए श्री श्री सार्वजनिक काली मंदिर ट्रस्ट, स्टेशन रोड जामताड़ा की ओर से काली पूजा के अवसर पर सेवा और सहयोग की अनूठी पहल की गई। ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी जामताड़ा के उदलबनी स्थित वृद्धाश्रम में जरूरतमंद बुजुर्गों एवं महिलाओं के बीच वस्त्र और कंबल का वितरण किया गया।इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद जरूरतमंद बुजुर्गों एवं महिलाओं को धोती, साड़ी और कंबल प्रदान किए गए। सामग्री पाकर वृद्धाश्रम के लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला। सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ कुछ समय बिताकर उनके सुख-दुख को भी साझा किया।ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि काली पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान और उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। समाज के कमजोर और असहाय वर्गों के बीच खुशियां बांटना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ऐसे कार्यों से समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलती है।ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की एक सकारात्मक मिसाल बताया गया।मौके पर भूपेश गुप्ता, जीतू सिंह, आकाश, गुड्डू भैया, जीतू राठौर, आकाश साव सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *