न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त जरमुंडी/दुमका। जरमुंडी प्रखंड के सहारा गांव स्थित 5000 एमटी क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे चोरी के प्रयास से इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कोल्ड स्टोरेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने तथा नियमित पुलिस गश्ती की मांग की।जानकारी के अनुसार, करीब 18-19 वर्ष आयु के तीन युवक बार्ब्ड वायर काटकर कोल्ड स्टोरेज परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मशीन रूम का ताला तोड़कर 320 केवीए डीजी सेट से दो बैटरियां निकालने का प्रयास किया। एक बैटरी परिसर से बाहर रख दी गई, जबकि दूसरी बाउंड्री के बाहर फेंक दी गई। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड को गतिविधियों की भनक लग गई। गार्ड के पहुंचते ही तीनों युवक मौके से भाग निकले और बैटरियां ले जाने में सफल नहीं हो सके।जांच के दौरान डीजी सेट से डीजल निकालने की कोशिश के निशान भी मिले। मौके से कुछ औजार और एक सीढ़ी भी बरामद होने की बात सामने आई है।गार्ड के मुताबिक, घटना के दौरान करीब 12-14 वर्ष आयु के तीन बच्चे भी बाउंड्री के बाहर बैटरियों के आसपास नजर आए। उनके वहां मौजूद रहने और संभावित भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर सकती है कि कहीं उन्हें निगरानी के लिए तो नहीं भेजा गया था।ग्रामीणों ने कहा कि यह कोल्ड स्टोरेज किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में चोरी का प्रयास चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने उपायुक्त और पुलिस प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई, नियमित गश्ती तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही कोल्ड स्टोरेज तक बेहतर एप्रोच रोड उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि किसानों को आवागमन में परेशानी न हो।
दिनदहाड़े कोल्ड स्टोरेज में चोरी की कोशिश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

