सरकारी योजनाओं का लाभ अब गांव की चौखट पर, सालानपुर में तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ कैंप शुरू

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 अक्टूबर सालानपुर। सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से सालानपुर ब्लॉक में तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर की शुरुआत शुक्रवार से हुई। शिविर का आयोजन मां मुक्ताई चंडी मंदिर परिसर और नंदनिक हॉल में किया गया है, जहां अलग-अलग सरकारी सेवाओं से जुड़ी जानकारी और सहायता लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।शिविर के उद्घाटन अवसर पर आसनसोल के महकमा शासक साधन देवनाथ, सालानपुर के बीडीओ देवांजन विश्वास, बाराबनी विधायक के पिता अमल राय, सालानपुर मंडल-4 के अध्यक्ष चिन्मय तिवारी, मंडल-3 के अनिमेष माजी सहित प्रशासनिक अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।कैंप शुरू होते ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। खासकर अन्नपूर्णा योजना, वृद्धावस्था भत्ता, आयुष्मान समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और संबंधित विभाग से संपर्क करने की जानकारी लोगों को दी गई। सरकारी कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही उनके समाधान और आवेदन संबंधी प्रक्रिया समझाने का प्रयास किया।अमल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को कम करना है। दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को अपने क्षेत्र में ही जरूरी सरकारी सहायता मिल सके, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है।एसडीओ साधन देवनाथ ने बताया कि पश्चिम बंगाल में निर्धारित कार्यक्रम के तहत तीन दिनों तक सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सालानपुर ब्लॉक में दो स्थानों पर शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित सहायता एक ही जगह पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *