अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से महिलाओं का फूटा गुस्सा, बराकर रोड पर किया चक्काजाम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अगस्त कुल्टी। अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली कथित 3 हजार रुपये की राशि खाते में नहीं पहुंचने से रामनगर इलाके की महिलाओं में नाराजगी बढ़ गई। शनिवार को आक्रोशित महिलाओं ने कुल्टी थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी-बराकर रोड स्थित रामनगर मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं के सड़क पर उतरने से इलाके में कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओर से लक्ष्मी भंडार योजना के स्थान पर अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसी उम्मीद में कुल्टी सहित पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न इलाकों की महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया था।महिलाओं के अनुसार, कुछ लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि पहुंचने की जानकारी मिली है, लेकिन रामनगर क्षेत्र की अधिकांश आवेदनकर्ताओं को अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इससे लाभुकों में असमंजस और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राशि के संबंध में जानकारी लेने के लिए प्रशासनिक स्तर पर संपर्क करने के बावजूद उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। किसी अधिकारी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि लंबित राशि का भुगतान आखिर कब तक किया जाएगा। इसी वजह से मजबूर होकर सड़क पर उतरकर विरोध जताना पड़ा।करीब एक घंटे तक चले सड़क अवरोध के कारण कल्याणेश्वरी-बराकर मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। दैनिक यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पात्र लाभार्थियों के खाते में जल्द राशि नहीं पहुंचाई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *