न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 अगस्त मिहिजाम। शहर के व्यस्त रिफ्यूजी मार्केट में मुख्य मार्ग पर नाले की बदहाल स्थिति राहगीरों और दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क के बीच नाला काटे जाने तथा उसके ढक्कन को सही तरीके से नहीं लगाने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बाजार समिति का आरोप है कि काम पूरा किए बिना ही सड़क को इसी स्थिति में छोड़ दिया गया, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।बताया जा रहा है कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा मुख्य मार्ग पर नाले से संबंधित काम किया गया था। कार्य के बाद नाले का ढक्कन बीच रास्ते में उलटा पड़ा है। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों को रास्ता पार करने में कठिनाई हो रही है। खासकर भीड़ के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।मिहिजाम बाजार समिति के पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से मामले को सार्वजनिक करते हुए नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस अव्यवस्था के कारण अब तक दो लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति जस की तस रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि रिफ्यूजी मार्केट शहर का महत्वपूर्ण व्यावसायिक इलाका है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुकानदार, ग्राहक और राहगीर पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर खुले नाले और अव्यवस्थित ढक्कन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।बाजार समिति ने नगर परिषद से मांग की है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नाले की मरम्मत कराई जाए और ढक्कन को सड़क के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए। साथ ही मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
रिफ्यूजी मार्केट की मुख्य सड़क पर खुला नाला बना मुसीबत, दो राहगीर हुए हादसे का शिकार

