अंडाल की सिदुली साइडिंग में भड़का रोजगार विवाद, मशीनों से कोयला लोडिंग के खिलाफ श्रमिकों का प्रदर्शन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 जुलाई अंडाल। पश्चिम बर्धमान के अंडाल स्थित सिदुली साइडिंग में सोमवार को डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) कोयला लोडिंग को लेकर श्रमिकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। वर्षों से कोयला लोडिंग का कार्य करने वाले दर्जनों मजदूरों और स्थानीय युवाओं ने मशीनों के माध्यम से लोडिंग कराए जाने का विरोध करते हुए साइडिंग परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मशीनों के इस्तेमाल से बड़ी संख्या में श्रमिक बेरोजगार हो गए हैं और उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।सूचना मिलते ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उखड़ा फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों और डीओ से जुड़े पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।प्रदर्शन में शामिल श्रमिक विकास हरिजन ने बताया कि वह पिछले 10 से 12 वर्षों से लगभग 40 अन्य मजदूरों के साथ डीओ कोयला लोडिंग का कार्य कर रहे थे। अचानक मशीनों के जरिए लोडिंग शुरू कर दिए जाने से सभी की रोजी-रोटी छिन गई। उन्होंने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के काम बंद कर देना उनके परिवारों के लिए गंभीर आर्थिक संकट बन गया है।श्रमिकों ने मांग की कि ईसीएल प्रबंधन उनके प्रतिनिधियों के साथ तत्काल बैठक करे और पहले की तरह मानव श्रमिकों से कोयला लोडिंग का कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर वे अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल का रास्ता भी अपनाएंगे।समाचार लिखे जाने तक इस पूरे मामले पर ईसीएल प्रबंधन तथा डीओ कोयला लोडिंग के टेंडर धारक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। श्रमिक अब प्रबंधन के रुख का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *