पुणे में युवक की संदिग्ध मौत से गांव में उठे सवाल, पत्नी से फोन पर विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने की चर्चा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अगस्त करमाटांड़। थाना क्षेत्र के केंदुवाटांड गांव निवासी 22 वर्षीय जमरुद्दीन अंसारी की पुणे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। वह पुणे के एक होटल में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। रविवार देर रात युवक का शव गांव केंदुवाटांड लाया गया। शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मृतक के घर जुट गए। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आने लगीं।परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, जमरुद्दीन और उसकी पत्नी रुकय्या खातून के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद युवक द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि शव गांव पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष से कोई व्यक्ति अंतिम दर्शन के लिए नहीं आया। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में ससुराल पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।बताया गया कि जमरुद्दीन अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी छह बहनें हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस झारखंड सह जिला परिषद प्रत्याशी, भाग संख्या-4 तनवीर आलम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *