भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: कुंडहित में मशाल जुलूस, 31 जुलाई के समाहरणालय घेराव को सफल बनाने का आह्वान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 जुलाई जामताड़ा। 31 जुलाई को प्रस्तावित उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय घेराव और धरना-प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार शाम कुंडहित प्रखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।मशाल जुलूस के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि 16 जुलाई 2026 को जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई जच्चा-बच्चा की मौत स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। साथ ही, इस घटना के विरोध में आंदोलन करने वाले भाजपा जिला अध्यक्ष समेत आठ कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के दबाव में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की लड़ाई लड़ रही है और 31 जुलाई को जामताड़ा में होने वाले समाहरणालय घेराव में नाला विधानसभा क्षेत्र से चार हजार से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।उन्होंने कहा कि भाजपा का आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और निर्दोष कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा के लिए है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।मशाल जुलूस में बरुण मंडल, कुंदन गोस्वामी, सजल दास, जीवन मंडल, देवी प्रसाद बनर्जी, मृत्युंजय मंडल, तपन सिंह, विश्वजीत सिंह, शैलेन घोष, निर्मल माजी, जीतेन लोहार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *