रुपडीह में फंदे से लटका मिला 28 वर्षीय विवाहिता का शव, पति-पत्नी के विवाद के बाद मौत से मचा हड़कंप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त जामताड़ा/नारायणपुर। नारायणपुर थाना क्षेत्र के रुपडीह गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।मृतका की पहचान संजीदा खातून (28) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रमजानी मोड़ की रहने वाली थी। उसकी शादी रुपडीह निवासी रहमत अंसारी, पिता कमरुद्दीन अंसारी से हुई थी। बताया गया कि संजीदा के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार को किसी बात को लेकर संजीदा और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब 10 बजे महिला के फंदे से लटके होने की बात सामने आई। हालांकि, विवाद और महिला की मौत के बीच क्या संबंध है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों ने भी कई सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जिस कमरे में महिला का शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि खिड़की खुली हुई थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के घर पर नहीं होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इन बातों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही संभव होगी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *