बारिश के बीच मिहिजाम में उपायुक्त का सख्त निरीक्षण, फुटबॉल स्टेडियम की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जलापूर्ति और आवास योजनाओं की भी जांच

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 मिहिजाम। लगातार हो रही बारिश के बावजूद जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम, स्नेहपुर कुष्ठ आश्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्टिकल-3) के तहत बन रहे आवासों तथा मिहिजाम शहरी जलापूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों एवं संवेदकों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए।सबसे पहले उपायुक्त नगर परिषद कार्यालय के समीप बन रहे फुटबॉल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें प्रारंभिक स्तर पर निर्माण की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं लगी। इस पर उन्होंने संबंधित संवेदक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही कार्य की निर्धारित समयसीमा और अनुबंध की शर्तों की जानकारी लेते हुए चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब या लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।इसके बाद उपायुक्त हांसीपहाड़ी स्थित स्नेहपुर कुष्ठ आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम में रह रहे कुष्ठ रोगियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्टिकल-3) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी आवास तय मानकों और अनुबंध के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने जल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि यह योजना समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों के लिए है, इसलिए निर्माण कार्य पूरी जिम्मेदारी और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए।निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त ने मिहिजाम शहरी जलापूर्ति योजना का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने पंप हाउस, फिल्ट्रेशन सिस्टम, जल शुद्धिकरण प्रक्रिया और जल वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही योजना की क्षमता, जल स्रोत और इससे लाभान्वित होने वाले परिवारों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और शुद्धिकरण की सभी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शहरवासियों को बिना किसी बाधा के नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय, कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य कर्मी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी विकास योजनाओं की लगातार निगरानी की जाएगी और गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *