वीरता पदक से सम्मानित सुशील टूडू को मिली नई जिम्मेदारी, बने पुलिस निरीक्षक; छोटेलाल कुमार एएसआई पद पर प्रोन्नत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 सितंबर जामताड़ा। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा और जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के सम्मान में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक/पुलिस पदक से सम्मानित तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा पारी से बाहर अगली पंक्ति में प्रोन्नत किए गए जामताड़ा जिलाबल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।समारोह के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक सुशील टूडू को पुलिस निरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई। वहीं आरक्षी संख्या 1337 छोटेलाल कुमार को सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर प्रोन्नत किया गया। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने दोनों नवप्रोन्नत पदाधिकारियों को उनके नए पद के अनुरूप बैच और स्टार लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्हें बुके भेंट कर बधाई दी गई।इस अवसर पर एसपी शम्भु कुमार सिंह ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और अधिकार में वृद्धि नहीं है, बल्कि इसके साथ कर्तव्यों और जवाबदेही का दायरा भी बढ़ता है। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों से कानून के प्रति पूरी निष्ठा रखते हुए निष्पक्षता से कार्य करने की अपेक्षा जताई।एसपी ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवप्रोन्नत अधिकारियों को आम लोगों के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी दबाव या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना कानून के अनुसार निर्णय लेने की सलाह दी।उन्होंने विश्वास जताया कि सुशील टूडू और छोटेलाल कुमार अपने अनुभव तथा नई जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत करेंगे और जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाने में योगदान देंगे।कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय नीलम कुजूर, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र जामताड़ा अजीत कुमार चौबे सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *