अमिताभ चौधरी की स्मृति में भावुक हुआ जामताड़ा क्रिकेट जगत, खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त जामताड़ा। झारखंड क्रिकेट को नई पहचान दिलाने वाले स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर रविवार को जामताड़ा के आउटडोर स्टेडियम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों एवं क्रिकेट खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अमिताभ चौधरी को श्रद्धापूर्वक याद किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने झारखंड क्रिकेट के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।जिला क्रिकेट संघ के सचिव योगेश कुमार सिंह ने कहा कि अमिताभ चौधरी बहुआयामी प्रतिभा और असाधारण सोच वाले व्यक्तित्व थे। उनके भीतर चुनौतियों को अवसर में बदलने का जज्बा था। उन्होंने कहा कि अमिताभ चौधरी ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी में सफलता हासिल कर आईपीएस सेवा में प्रवेश किया था। लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका जुनून इतना गहरा था कि उन्होंने पुलिस सेवा छोड़कर झारखंड में क्रिकेट के विकास को अपना लक्ष्य बना लिया।योगेश कुमार सिंह ने कहा कि जेएससीए स्टेडियम अमिताभ चौधरी की दूरदर्शिता, मेहनत और क्रिकेट के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके प्रयासों से झारखंड क्रिकेट को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिली। उन्होंने कहा कि उनके साथ काम करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। झारखंड क्रिकेट को निरंतर आगे ले जाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार झा, उपाध्यक्ष कुणाल सिंह, विकास कुमार शर्मा, परितोष मिश्रा, नजीर अहमद समेत बड़ी संख्या में क्रिकेट खिलाड़ी एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने अमिताभ चौधरी के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *