जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, जेल शिफ्टिंग के दौरान भागने की कोशिश हुई नाकाम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अगस्त जामताड़ा। झारखंड के कुख्यात अपराधियों में शामिल गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर शाम जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब उसे सुरक्षा व्यवस्था के बीच साहिबगंज से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।पुलिस के अनुसार, साहिबगंज-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर जामताड़ा थाना क्षेत्र की सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के समीप पुलिस वाहन का टायर अचानक पंक्चर हो गया। इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने सुरक्षा में तैनात एक पुलिस जवान का हथियार छीन लिया और वहां से भागने की कोशिश की।पुलिस का दावा है कि फरार होने के प्रयास के दौरान सुजीत सिन्हा ने जवानों की ओर गोलीबारी भी की। अचानक हुई इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस ने घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है।जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि जेल स्थानांतरण के दौरान आरोपी ने भागने और पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया था। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *