अंतरराष्ट्रीय ड्यूबल सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे रूपनारायणपुर के रोहित गिरी, महिला टीम की कोच बनीं फरहत आरा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 सितंबर रूपनारायणपुर। पश्चिम बर्धमान जिले के रूपनारायणपुर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। हिंदुस्तान केबल्स डीएवी स्कूल के पूर्व छात्र एवं जोड़बड़िया निवासी रोहित गिरी का चयन भारतीय ड्यूबल टीम में हुआ है। वह आगामी भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय ड्यूबल-2026 सीरीज में भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। रोहित के राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से स्थानीय खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।आगरा में आयोजित होने वाली भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय ड्यूबल सीरीज का आयोजन 20 से 23 सितंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम आगरा पहुंच चुकी है, जिसमें पश्चिम बर्धमान के प्रतिनिधि के रूप में रोहित गिरी भी शामिल हैं।रोहित लंबे समय से बंगाल की टीम के लिए ड्यूबल खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अब राष्ट्रीय टीम में स्थान हासिल करने के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इस उपलब्धि को लेकर रोहित ने खुशी जाहिर की है। उनके चयन से रूपनारायणपुर और हिंदुस्तान केबल्स क्षेत्र में खेलप्रेमियों के बीच उत्साह देखा जा रहा है।इसी बीच पश्चिम बंगाल के खेल जगत के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। फरहत आरा को भारतीय महिला ड्यूबल टीम की राष्ट्रीय कोच नियुक्त किया गया है। आगरा में होने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दौरान वह भारतीय महिला टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी।फरहत आरा की नियुक्ति को लेकर ड्यूबल बंगाल एसोसिएशन की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं। रोहित गिरी का भारतीय टीम में चयन और फरहत आरा की राष्ट्रीय कोच के रूप में नियुक्ति, दोनों उपलब्धियों को राज्य के ड्यूबल खेल के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *