बाराबनी में किरायेदार सत्यापन अभियान तेज, मकान मालिकों को पहचान दस्तावेज जमा करने का निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 4 अगस्त बाराबनी। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बाराबनी थाना पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान में सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को थाना परिसर में स्थानीय मकान मालिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें किरायेदारों का पूरा रिकॉर्ड पुलिस के पास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखोपाध्याय ने की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को किरायेदार सत्यापन से संबंधित निर्धारित फॉर्म उपलब्ध कराए और उन्हें समय सीमा के भीतर आवश्यक जानकारी भरकर जमा करने का निर्देश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक किरायेदार का नाम, स्थायी एवं वर्तमान पता, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र की प्रति फॉर्म के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।पुलिस ने यह भी कहा कि भविष्य में यदि कोई नया किरायेदार मकान में रहने आता है तो उसके संबंध में भी यही प्रक्रिया अपनानी होगी। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर रखने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखोपाध्याय ने कहा कि किरायेदारों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होने से अपराध की रोकथाम में मदद मिलेगी। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और जांच प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सकेगी। उन्होंने सभी मकान मालिकों से पुलिस का सहयोग करने और निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की अपील की।बैठक में पुलिस अधिकारी जयंत दुलई सहित थाना के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और बाहरी लोगों की आवाजाही को देखते हुए किरायेदार सत्यापन व्यवस्था को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। यह पहल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और नागरिकों के बीच विश्वास कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *