न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 मई 2026 मिहिजाम। चंद्रदीपा पंचायत के जीतपुर गांव में रविवार को ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं को लेकर एक व्यापक ग्राम सभा आयोजित की गई। मांजी हड़ाम जयसिंह हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा गांव की जमीनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। ग्राम सभा का माहौल पूरी तरह जनसंवाद और समाधान केंद्रित रहा, जहां ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं से जुड़ी परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की।सभा को संबोधित करते हुए मांजी हड़ाम जयसिंह हांसदा ने कहा कि ग्राम सभा केवल बैठक नहीं, बल्कि गांव की लोकतांत्रिक ताकत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर उनका सामूहिक समाधान निकालना ही ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य होता है। गांव के विकास, लोगों की मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में ऐसी बैठकों की अहम भूमिका रहती है।बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, राशन कार्ड के ई-केवाईसी, जॉब कार्ड में सुधार, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई लोगों ने बताया कि तकनीकी कारणों और जानकारी के अभाव में जरूरतमंद परिवार योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। महिलाओं ने भी राशन और पेंशन से संबंधित परेशानियों को ग्राम सभा के सामने रखा।ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद मांजी हड़ाम ने भरोसा दिलाया कि जीतपुर गांव में प्रत्येक माह कम से कम एक दिन विशेष सहायता केंद्र लगाया जाएगा। इस शिविर में आधार-मोबाइल लिंक, राशन कार्ड सुधार, ई-केवाईसी, मइया सम्मान योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और मुखिया के सहयोग से इन मांगों को जिला प्रशासन तक पहुंचाने की पहल की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।ग्राम सभा के सफल आयोजन में ओंकार सेवा संस्थान की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। संस्था के प्रतिनिधि संतोष पाल, सुचीन्द्र भगत, सपन राय, गौरव सिंह, रिंकू हांसदा, अनिल हांसदा और उज्ज्वल गोराई ने आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से गांव में विकास और जनसुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।
जीतपुर की ग्राम सभा में गूंजा जनसमस्याओं का मुद्दा, हर माह सहायता शिविर लगाने की बनी सहमति
