अपराध नियंत्रण पर जामताड़ा पुलिस सख्त: मासिक समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए कड़े निर्देश, जनता से बेहतर व्यवहार पर जोर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अप्रैल माह से अब तक जिले में हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए बताया कि इस अवधि में कुल 364 वारंटों का निष्पादन एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। फतेहपुर और बिंदापाथर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई लूट, हत्या और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। विभिन्न मामलों में कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में मौजूद रहें, ताकि आम लोगों की शिकायतों को सुनकर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।हाल के दिनों में जिन थाना क्षेत्रों में गंभीर घटनाएं हुई हैं, वहां के थाना प्रभारियों को मामलों के त्वरित खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए गए। वहीं लापरवाही बरतने वाले संबंधित थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई।साइबर थाना, नारायणपुर, करमाटांड़ सहित अन्य थाना क्षेत्रों को साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही महिला उत्पीड़न, बाल अपराध, एससी-एसटी एक्ट और नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ बिना देरी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।एसपी शंभु कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने तथा सड़क सुरक्षा, महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, बाल विवाह और साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान बेहतर कार्य करने वाले थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार वाहन जांच, एंटी क्राइम चेकिंग और सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *